अगर विप्रो के शेयर में लगाए होते 10,000 रुपये तो आज होते 899 करोड़ के मालिक
साल 1980 में विप्रो स्टॉक में जिसने भी केवल 10 हजार रुपये का निवेश किया होगा, उसका यह 10 हजार आज कंपनी द्वारा दिए गए सभी बोनस शेयर और Split के हिसाब से आज करीब 900 करोड़ हो गए होते।
Multibagger Wipro: अगर आप 10 साल तक इंतजार नहीं कर सकते तो आप शेयर बाजार में 10 मिनट के लिए भी न रुकें। यह शेयर बाजार में पैसा लगाने वाले हर निवेशक पर लागू होता है। अगर आपका पैसा अच्छे स्टॉक में लगा है तो इंतजार का फल इतना मीठा होगा कि आप उसकी कल्पना भी नहीं कर सकते। आप हजारपति से करोड़पति या अरबपति भी बन सकते हैं।
इसका सबसे अच्छा उदाहरण विप्रो के शेयर हैं। साल 1980 में विप्रो स्टॉक में जिसने भी केवल 10 हजार रुपये का निवेश किया होगा, उसका यह 10 हजार आज कंपनी द्वारा दिए गए सभी बोनस शेयर और Split के हिसाब से आज करीब 900 करोड़ हो गए होते। वह भी तब जब इसमें कंपनी द्वारा समय-समय पर दिया गया डिविडेंड शामिल नहीं है। आइए समझें इसका गणित....
अगर कोई निवेशक 42 साल पहले यानी 1980 में केवल 10000 रुपये विप्रो के शेयरों में लगाया होता और आज तक इस स्टॉक में बना रहता तो आज की डेट में अरबपति होता। 1980 में विप्रो के शेयर की कीमत लगभग 100 रुपये थी, लेकिन अब 468 रुपये है। कंपनी शेयर Split करती गई और साथ में बोनस भी देती रही। इसका असर ये हुआ कि 1980 में जिसने 100 शेयर लिए थे, उसके पास बिना एक भी पैसा लगाए 25536000 शेयर होंगे। हालांकि शायद ही कोई निवेशक होगा, जो एक स्टॉक में इतने साल टिका रहा हो।
फाइनेंशियल सलाहकार शैलेष मणि त्रिपाठी कहते हैं कि शेयर बाजार में पैसा लगाने वाले अधिकतर निवेशकों में धैर्य की कमी होती है। अगर पैसा डेढ़ गुना भी बढ़ा तो मुनाफा वूसली कर लेते हैं और घटा तो बेचकर स्टॉक से निकल लेते हैं। विप्रो ही नहीं आप Eicher, Symphony, Natco Pharma or Ajanta Pharma या फिर किसी और अच्छे स्टॉक में इतना समय दिए होते तो करोड़पति होते।
अब आइए जानें कैसे 10000 बन गए 899 करोड़
1980 में विप्रो के शेयरों में 10,000 रुपये लगाने वाले निवेशक को विप्रो कंपनी के 100 शेयर मिले। बोनस शेयर और Split के बाद 100 शेयर बढ़कर 25536000 शेयर हो गए। अब विप्रो के शेयर की कीमत 468 रुपये है। यानी अब उस 10000 रुपये की कीमत 468×25536000 = 8,99,19,36,000 हो गई है।
साल एक्टिविटी टोटल शेयर
1980 निवेश 100
1981 1:1 Bonus 200
1985 1:1 Bonus 400
1986 Share split to फेस वैल्यू Rs.10 4,000
1987 1:1 Bonus 8,000
1989 1:1 Bonus 16,000
1992 1:1 Bonus 32,000
1995 1:1 Bonus 64,000
1997 2:1 Bonus 1,92,000
1999 Share split to FV Rs.2 9,60,000
2004 2:1 Bonus 28,80,000
2005 1:1 Bonus 57,60,000
2010 2:3 Bonus 96,00,000
2017 1:1 Bonus 1,92,00,000
2019 1:3 Bonus 25536000
स्रोत: economictimes , एनएसई, बीएसई, elearnmarkets.com, investinginsights.in
विप्रो एक बड़ी आईटी कंपनी है। हालांकि, विप्रो साबुन और वनस्पति तेल के कारोबार में भी है। विप्रो की शुरुआत 1945 में महाराष्ट्र में स्थित 'आलमनेर' नामक गांव में हुई थी। इस गांव में आज हर कोई करोड़पति है। हर परिवार के पास विप्रो कंपनी के शेयर हैं। यहां विप्रो कंपनी के कुछ शेयर बच्चे के पैदा होते ही उसके लिए खरीद लिए जाते हैं। गांव को 'करोड़पतियों का शहर' भी कहा जाता है।