image

सृष्टि के आदि पुरुष हैं भगवान शिव 

डॉ दीपिका उपाध्याय

आगरा। श्रावण पुरुषोत्तम मास के पुण्यदायी अवसर पर गुरुदीपिका योगक्षेम फाउंडेशन द्वारा श्रीशिव महापुराण कथा का आयोजन किया गया। श्रीगोपालजी धाम, दयालबाग में प्रारंभ हुई इस कथा में कथावाचक डॉ दीपिका उपाध्याय ने भगवान शिव की दिव्य लीलाओं का मनोहारी वर्णन किया।
 शिव महापुराण का माहात्म्य सुनाते हुए कथावाचक ने बताया कि 24000 श्लोकों से युक्त यह महापुराण साक्षात शिव की प्राप्ति कराने वाला है। देवराज जैसा अधम तथा बिंदुग और चंचुला जैसे पापी भी शिव महापुराण की कथा सुनने से तर जाते हैं।
 सृष्टि के प्रारंभ में जब ब्रह्मा और विष्णु में श्रेष्ठता को लेकर विवाद हुआ तब ज्योति स्तंभ के रूप में प्रकट होकर भगवान शिव ने न केवल उनका विवाद शांत कराया बल्कि शिवलिंग पूजन का विधान बनाया। जिस स्थान पर प्रथम शिवलिंग प्रकट हुआ वह अरुणाचल प्रदेश है। ब्रह्मा और विष्णु को दीक्षा देने के कारण ही भगवान शिव संसार के प्रथम गुरु कहलाते हैं।
 कथावाचक ने बताया कि सृष्टि से भी पूर्व सर्वप्रथम भगवान शिव अपने संकल्प से प्रकट हुए थे, जिन्होंने शक्ति, विष्णु आदि को प्रकट किया। इसीलिए वे सृष्टि के आदि पुरुष ठहरते हैं।
 कुबेर के साथ भगवान शिव की मैत्री की कथा सुनाते हुए कथावाचक ने कहा कि जन्म- जन्मांतर की साधना के बाद ही शिव की मैत्री प्राप्त हो सकती है। कुबेर के प्रेम को देखकर ही भगवान शिव ने कैलाश को अपने निवास स्थान के रूप में चुना। सती के जन्म की कथा सुनाते हुए कथावाचक ने कहा कि द्वेष के कारण की हुई कामना का परिणाम दुखद होता है। ब्रह्मा के मन में शिव से द्वेष आ गया था इसलिए उन्होंने देवी से शिव को मोहित करने की प्रार्थना की। उक्त कामना के कारण ही देवी सती को दारुण दुख के साथ देह त्यागनी पड़ी। कथावाचक ने बेलपत्रों के पुनर्प्रयोग द्वारा प्रकृति संरक्षण का भी संदेश दिया।
 फाउंडेशन की निदेशक वारिजा चतुर्वेदी ने बताया कि पुरुषोत्तम मास आध्यात्मिकता की दृष्टि से बड़ा महत्वपूर्ण है। इसमें हरि तथा हर दोनों की कृपा है। इसलिए पुरुषोत्तम मास में शिव महापुराण का आयोजन किया जा रहा है जिससे हर पीढ़ी में संस्कारों तथा ज्ञान की वृद्धि हो। 
कथा की समस्त व्यवस्थाएं निदेशक रवि शर्मा तथा निष्ठा उपाध्याय ने संभाली। कथा में देवेंद्र गोयल, कुसुम अरोड़ा, पवित्रा गौतम, वीना कालरा, कान्ता शर्मा, वरदान उपाध्याय आदि उपस्थित रहे।

Post Views : 250

यह भी पढ़ें

Breaking News!!